Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 30 सितंबर (हि.स.)। अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और कलर येलो की आगामी फिल्म 'नई नवेली' का ट्रेलर जारी हो गया है। बालाजी मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यामी गौतम धर मोहिनी के किरदार में नजर आएंगी। ट्रेलर एक ऐसे परिवार की कहानी की झलक देता है, जहां नई बहू के घर में आने के बाद कई रहस्यमयी घटनाएं शुरू हो जाती है। आम पारिवारिक माहौल से शुरू होने वाली कहानी धीरे-धीरे रहस्य, हास्य और रोमांच से भरी एक अलग दुनिया में पहुंचती दिखाई देती है। मेरठ की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म पारिवारिक मनोरंजन के साथ फैंटेसी और एक्शन का मेल पेश करती है।
ट्रेलर में अवस्थी परिवार के अलग-अलग रंग देखने को मिलते हैं। शादी की रस्मों और परिवार की नोक-झोंक के बीच मोहिनी की मौजूदगी कहानी को नया मोड़ देती है। यामी इस फिल्म में अब तक के अपने अलग अंदाज में नजर आ रही हैं। उनके किरदार में जहां एक ओर अपनापन और चुलबुलापन है, वहीं उसके पीछे छिपा रहस्य कहानी को दिलचस्प बनाता है।
निर्देशक बालाजी मोहन के मुताबिक, फिल्म की शुरुआत एक सामान्य परिवार की कहानी से होती है, लेकिन आगे यह दर्शकों को अप्रत्याशित घटनाओं और हास्य से भरी दुनिया में ले जाती है। यामी ने भी मोहिनी के किरदार को अपने लिए खास बताते हुए कहा कि इसमें पारिवारिक भावनाओं के साथ जादुई दुनिया और एक्शन का भी अनुभव मिलेगा।
हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा द्वारा लिखित इस फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने किया है। फिल्म में कॉमेडी, पारिवारिक ड्रामा, रहस्य और एक्शन का मेल देखने को मिलेगा। इसका संगीत जी.वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है। ‘नई नवेली’ दशहरे से पहले 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माताओं को उम्मीद है कि अलग कहानी और मनोरंजन से भरपूर यह फिल्म दर्शकों को बड़े पर्दे पर नया अनुभव देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे