Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 28 सितंबर (हि.स.)। मुंबई पुलिस ने सोमवार को काक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) को 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन मुंबई के शिवाजी पार्क में ‘जेल भरो आंदोलन’ की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
मुंबई पुलिस ने अनुमति न देने का कारण बताते हुए कहा कि शिवाजी पार्क में राजनीतिक सभा आयोजित करने पर कानूनी पाबंदियां हैं। बॉम्बे हाई कोर्ट के 2013 के आदेश और महाराष्ट्र सरकार के 2016 के निर्देशों के तहत पार्क के उपयोग को लेकर प्रतिबंध लागू हैं। इसके अलावा, आयोजकों ने बीएमसी से आवश्यक अनुमति नहीं ली है। पुलिस ने यह भी कहा कि शिवाजी पार्क ‘साइलेंस जोन’ में आता है। बड़े प्रदर्शन से ध्वनि प्रदूषण और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस ने आयोजकों को शहर में किसी वैकल्पिक स्थान पर कानूनी तरीके से प्रदर्शन करने की सलाह दी है।
उल्लेखनीय है कि सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और भारत निर्वाचन आयोग की विशेष गहन संशोधन प्रक्रिया के विरोध में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन मुंबई के शिवाजी पार्क में ‘जेल भरो आंदोलन’ का ऐलान किया है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि यदि उनके शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार को रोका गया तो गांधी जयंती पर ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू किया जाएगा। सीजेपी का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के चलते बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जिससे सत्तारूढ़ दल को अनुचित लाभ मिला है। इसी वजह से सीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव