Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 28 सितंबर (हि.स.)। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने मृतक कर्मी जगन्नाथ मुंडा के परिवार के हितों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए रोजगार सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर सोमवार को संचरण जोन-1 के महाप्रबंधक अनिल कुमार भारतीयंम को ज्ञापन सौंपा।
मामले में महाप्रबंधक से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की गई। मौके पर उन्होंने कहा कि परिवार के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संघ मामले को विभागीय और सरकार के सक्षम स्तर तक ले जाएगा और आवश्यक कानूनी कदम उठाएगा। संघ ने मृतक परिवार को न्याय और आश्रित को रोजगार देने की मांग की।
संघ के अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि जापुत 132/33 केवी ग्रिड, खूंटी में कार्यरत जगन्नाथ मुंडा का 13 अगस्त 2026 को इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनके परिवार के सामने रोजगार और आर्थिक संकट को देखते हुए संघ ने मृतक के परिवार की सहमति से उनके भांजे बॉबी बेदिया या बहन प्रियंका हास्सा को कार्य का अवसर देने की मांग की गई है।
इसके अलावा मृतक कर्मी की ईपीएफ राशि शीघ्र जारी करने और भविष्य में किसी दैनिक वेतनभोगी या आउटसोर्स कर्मी की मृत्यु होने पर उसके परिवार किसी अन्य व्यक्ति को नियोजित नहीं करने की मांग की गई।
अजय राय ने कहा कि किसी कर्मी की मृत्यु के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे में विभाग और आउटसोर्स एजेंसी को आश्रितों के हितों का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जगन्नाथ मुंडा के परिवार से बातचीत तक नहीं की गई।
इस अवसर पर डीजीएम राजीव कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar