Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


रामगढ़, 28 सितंबर (हि.स.)।
शहर के गोला रोड स्थित रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को तीन दिवसीय क्षेत्रीय वैदिक गणित-विज्ञान मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में ज्ञान, विज्ञान और गणित के प्रति विद्यार्थियों की रुचि को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विशिष्ट अतिथि विद्या भारती के संगठन मंत्री ख्याली राम, विद्या विकास समिति के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा, स्थानीय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेश बगड़िया सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया।
मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक और गणितीय गतिविधियों, मॉडल और प्रदर्शों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्रयोगात्मक शिक्षा, नवाचार और सृजनात्मक क्षमता को विकसित करने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर देना है।
तीन दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान-गणित मेले में झारखंड और बिहार के विभिन्न विद्यालयों से चयनित भैया-बहन हिस्सा ले रहे हैं। मेले में विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक सोच और नए प्रयोगों को प्रस्तुत करने के लिए मंच मिल रहा है। आयोजन को लेकर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश