Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 25 सितंबर (हि.स.)। अभिनेता मुश्ताक खान के निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है। 75 वर्षीय अभिनेता लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और मुंबई के नानावटी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर के बाद अभिनेता राजपाल यादव ने सोशल मीडिया पर मुश्ताक के साथ अपनी आखिरी मुलाकात को याद करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी। राजपाल ने बताया कि निधन से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने अस्पताल में मुश्ताक से मुलाकात की थी।
राजपाल ने 24 सितंबर को मुश्ताक की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि वह दोपहर में उनसे मिलने अस्पताल गए थे। मुश्ताक ने उन्हें देखा, हाथ मिलाया और उनकी बातों को सुनकर प्रतिक्रिया भी दी। राजपाल ने लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि जिस व्यक्ति से कुछ घंटे पहले मुलाकात हुई और हाथ मिलाया, वह अब उनके बीच नहीं है। उन्होंने मुश्ताक को लोकप्रिय और बेहतरीन अभिनेता बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी। राजपाल ने पहले मुलाकात का एक वीडियो शेयर किया था, जिसे बाद में हटा दिया गया। हालांकि, वह वीडियो एक यूजर ने दोबारा सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
वीडियो में मुश्ताक अस्पताल के बिस्तर पर नजर आ रहे हैं और राजपाल उनका हाथ थामे उन्हें दिखाई देते हैं। राजपाल उन्हें जल्द ठीक होने का भरोसा देते भी सुनाई देते हैं। अभिनेता सनी देओल ने भी मुश्ताक की तस्वीर शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई। बताया गया कि मुश्ताक फेफड़ों के कैंसर से जूझ रहे थे और इलाज के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। अपने लंबे फिल्मी सफर में उन्होंने 'वेलकम', 'गदर: एक प्रेम कथा', 'स्त्री 2', 'आशिकी', 'मुझसे शादी करोगी' और 'हम हैं राही प्यार के' जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे