लंबित फीस प्रतिपूर्ति और छात्रवृत्ति की मांग को लेकर तेलंगाना विधानसभा के पास प्रदर्शन
शासनादेश संख्या
तेलंगाना विधानसभा घेराव कर रहे एबीवीपी के छात्रों को गिरफ्तार करती पुलिस


हैदराबाद, 12 सितंबर (हि.स.)। लंबित फीस प्रतिपूर्ति (फीस रीइम्बर्समेंट) राशि जारी करने और छात्रवृत्तियां उपलब्ध कराने की मांग को लेकर शनिवार को तेलंगाना विधानसभा के पास छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान विधानसभा की ओर बढ़ रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और तेलंगाना राष्ट्र समिति विद्यार्थी (टीआरएसवी) के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

प्रदर्शनकारी छात्र संगठनों ने सरकार से लंबित फीस प्रतिपूर्ति राशि तत्काल जारी करने, छात्रवृत्तियां देने तथा शासनादेश संख्या 97 को वापस लेने की मांग की। छात्रों का आरोप है कि सरकार की ओर से उनकी समस्याओं के समाधान में लगातार देरी की जा रही है। शासनादेश संख्या 97 के तहत पॉलिटेक्निक संस्थानों को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत स्थापित यंग इंडिया स्किल्स यूनिवर्सिटी के साथ जोड़े जाने का प्रावधान किया गया है।

छात्र संगठनों ने इस फैसले को वापस लेने के साथ ही विभिन्न छात्र समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। विधानसभा की ओर बढ़ते समय विद्यार्थी परिषद और टीआरएसवी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

टीआरएस अध्यक्ष रामू यादव ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार छात्रों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने छात्रों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को इसकी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj