उज्जैन में शनिवार से प्रारंभ होगा स्वच्छता सर्वेक्षण,शहरवासियों से सहयोग की अपील
उज्जैन, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में उज्जैन शहर में नगर निगम सीमा में शनिवार से स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 अंतर्गत सर्वे कार्य प्रारंभ होगा। निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने शुक्रवार को स्वच्छता अभियान की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि
Cleanliness survey to begin in Ujjain from Saturday, citizens appealed for cooperation


उज्जैन, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में उज्जैन शहर में नगर निगम सीमा में शनिवार से स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 अंतर्गत सर्वे कार्य प्रारंभ होगा।

निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने शुक्रवार को स्वच्छता अभियान की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। नागरिकों से अपील की है कि उज्जैन शहर की पहचान धार्मिक शहर के रूप में है, इसलिए हमारी जिम्मेदारी और अधिक बनती है कि सभी के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाएं। होम कंपोस्टिंग को अधिक से अधिक करें।

मिश्रा ने सर्वे के संबंध में शुक्रवार को अधिकारियों की एक बैठक भी ली। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहर की जनता को अभियान में शामिल कर एक टीम बनाकर कार्य करें। स्वच्छता के प्रति काम ऐसा करना है कि शहर की जनता निगम द्वारा किए जाने वाले कार्यों से प्रभावित हो और अभियान में सहयोग करे। निर्देश दिए कि होम कंपोस्टिंग को अधिक से अधिक करवाएं। इसके लिए नागरिकों को समझाइश दें कि किस प्रकार से घर पर गीले कचरे से होम कंपोस्टिंग की जाती है। स्कूलों में स्वच्छता की गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जाए, क्योंकि स्कूल के बच्चों के माध्यम से ही घर-घर तक स्वच्छता का संदेश आसानी से पहुंचा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि डोर टू डोर आने वाली कचरा गाड़ी में हेल्पर एवं आईईसी मेंबर होना चाहिए, जो नागरिकों को अलग-अलग कचरा देने के लिए जागरूक करेंगे और कचरा गाडिय़ों में अलग-अलग कचरा ही लेंगे। वार्डों में संचालित कचरा गाडिय़ां रुट चार्ट के अनुसार समय से पहुंचे। रात्रिकालीन सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। व्यावसायिक क्षेत्र में सफाई पर ध्यान दें। निर्देश का पालन नहीं करनेवालों पर प्रभावी चालानी कार्यवाही करें। शहर के प्रमुख मार्ग, चौराहे साफ एवं स्वच्छ दिखें। छोटी-छोटी गलियों में भी स्वच्छता का विशेष ध्यान दिया जाए। सडक़ों पर कचरा बिल्कुल भी न हो। जहां भी कचरा दिखे तो खुले में कचरा फेंकने वालों पर चालानी कार्यवाही करें।

बैठक में अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, संजेश गुप्ता, सहायक आयुक्त रविकांत मगरदे, राघवेंद्र सिंह पालिया, स्वास्थ्य अधिकारी आनंद विजय सिंह राठौड़, उपयंत्री, सेक्टर स्वच्छता निरीक्षक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल