भंडारवाड़ा पाइपलाइन के मरम्मत से निकलेगा जलसमस्या का हल
Repair of Bhandarwada Pipeline to Resolve Water Crisis
भंडारवाड़ा पाइपलाइन के मरम्मत से निकलेगा जलसमस्या का हल


मुंबई, 22 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण मुंबई के कई इलाकों में जल वितरण में अहम भूमिका निभाने वाली भंडारवाडा टेकड़ी पाइपलाइन का काम बुधवार से शुरू हो गया है। इस पाइप लाइन पर दो बटरफ्लाई वाल्व लगाने का काम किया जा रहा है। इसका काम गुरुवार सुबह तक पूरा हो जाएगा। इससे पर्याप्त जलापूर्ति के कारण स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

मुंबई मनपा प्रशासन की ओर से भंडारवाड़ा पाइप लाइन का काम पूरा होने के बाद शिवड़ी, लालबाग, कालाचौकी, परेल, भोईवाडा जैसे कई इलाकों में पानी की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। दक्षिण विभाग के भंडारवाड़ा टेकड़ी टनल चैनल पर दो 1500 एमएम डायमीटर वाले बटरफ्लाई वाल्व लगाने का काम किया जा रहा है। इसकी वजह से बुधवार को ए,बी,सी, ई और एफ साउथ वार्ड में जलापूर्ति प्रभावित रही। शिवड़ी, गाड़ी अड्डा, हाजी बंदर रोड पर यह काम किया जा रहा है। इन इलाकों में पानी की सप्लाई पर्याप्त न होने के कारण कई आंदोलन हो चुके हैं। शिवड़ी के नगरसेवक सचिन पड़वल ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए लगातार मांगें उठती रही है।

मुंबई मनपा के जल विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस काम के पूरा होने के बाद शिवड़ी, लालबाग, कालाचौकी, परेल, भोईवाड़ा क्षेत्र में जलापूर्ति की समस्या का हल निकालने में मदद मिलेगी। साथ ही सदाकांत धवन, मैदान सुरंग का पानी अगले महीने शुरू होने की संभावना है। दो नए वाल्वों में से एक के कारण सदाकांत धवन मैदान टनल से शिवड़ी, लालबाग, परेल, भोईवाडा और आसपास के क्षेत्रों में पानी अच्छे दबाव के साथ उपलब्ध होगा। दूसरे बटरफ्लाई वाल्व के माध्यम से पानी सीधे भंडारवाड़ा जलाशय में जाएगा। इसके माध्यम से फॉस्बेरी जलाशय से पानी की आपूर्ति बढ़ जाएगी। इससे शिवड़ी पूर्व और कालाचौकी में पानी की सप्लाई का प्रेशर बढ़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार