Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


हैदराबाद, 18 अप्रैल (हि.स.)। हैदराबाद सिटी पुलिस ने स्कूली बच्चों को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ‘ऑपरेशन सेफ स्कूल’ के तहत व्यापक अभियान शुरू किया है। इस अभियान के अंतर्गत स्कूलों के आसपास स्थित पान दुकानों पर अंडरकवर ऑपरेशन चलाकर बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने शनिवार को बताया कि इस विशेष अभियान में स्थानीय पुलिस, टास्क फोर्स, ड्रग स्निफिंग डॉग्स और सीएआर स्टाफ समेत करीब 5000 पुलिसकर्मी शामिल किए गए हैं। पुलिस टीमों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में 589 पान दुकानों की गहन जांच की।
उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से इन दुकानों पर गुप्त निगरानी रखी जा रही थी। अंडरकवर ऑपरेशन के दौरान उन दुकानदारों के वीडियो और फोटो सबूत के रूप में जुटाए गए, जो स्कूल के बच्चों को सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद बेच रहे थे। पुलिस आयुक्त ने चेतावनी देते हुए कहा कि सिगरेट और पान मसाला में मौजूद निकोटीन बच्चों को नशे की ओर ले जाने का शुरुआती माध्यम बनता है।
वी.सी. सज्जनार ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्कूल या धार्मिक स्थल के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस नियम को सख्ती से लागू करने के लिए भविष्य में ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के सहयोग से स्कूलों के 100 मीटर के भीतर स्थित दुकानों को स्थानांतरित करने की योजना भी बनाई गई है।
पुलिस द्वारा दोषी दुकानदारों के खिलाफ सीओपीटीए अधिनियम और जुवेनाइल जस्टिस अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि हैदराबाद को ‘ड्रग फ्री सिटी’ बनाने के लक्ष्य के तहत इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों के साथ शहर के कई इलाकों में दुकानों का निरीक्षण किया और स्कूलों में जाकर छात्रों से संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले (शुक्रवार को) पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने गांधी अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र का दौरा कर ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए लोगों से बातचीत की और उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj