Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 07 नवंबर (हि.स.)। बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल करने वाली फिल्म 'हनुमान अंश' अब ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित इस फिल्म का डिजिटल प्रीमियर 27 नवंबर को सोनी लिव पर होगा।
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने इसकी जानकारी शेयर करते हुए बताया कि सिनेमाघरों में दर्शकों से भरपूर प्यार पाने के बाद अब यह फिल्म घर बैठे दर्शकों तक पहुंचेगी। फिल्म की ओटीटी रिलीज को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए यह अच्छी खबर है।
महज दो करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म में कोई बड़ा सितारा नहीं था, इसके बावजूद इसने कमाई के मामले में कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। फिल्म की कहानी लक्ष्मीनारायण नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मां के निधन के बाद जीवन, मृत्यु और ईश्वर से जुड़े सवालों के जवाब तलाशने निकल पड़ता है। उत्तर भारत की आध्यात्मिक यात्रा के दौरान उसका सामना जीवन के कई कठिन अनुभवों से होता है और यही सफर उसे नीम करोली बाबा के रूप में एक नई पहचान तक पहुंचाता है। फिल्म में मुख्य भूमिका शोभिनव सत्या ने निभाई है।
शुरुआत में धीमी कमाई के कारण फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कमजोर माना जा रहा था, लेकिन दर्शकों की सराहना के चलते इसकी कमाई में लगातार बढ़ोतरी हुई। फिल्म ने भारत में 342.44 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 452.86 करोड़ रुपये का कारोबार किया। सिनेमाघरों में करीब 80 दिनों तक टिकने वाली इस फिल्म ने आठवें सप्ताह में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर अपनी सफलता का नया रिकॉर्ड बनाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे