Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 03 नवंबर (हि.स.)। साल 2006 में रिलीज हुई कॉमेडी फिल्म 'मालामाल वीकली' के सीक्वल को लेकर एक बड़ा बदलाव सामने आया है। फिल्म के मूल निर्देशक प्रियदर्शन ने इसके दूसरे भाग से दूरी बना ली है। उनके साथ ही अभिनेता रितेश देशमुख भी इस सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगे।
पहले चर्चा थी कि नई कहानी में कुछ नए कलाकारों के साथ पुरानी फिल्म के सितारे भी नजर आएंगे और रितेश की वापसी लगभग तय मानी जा रही थी। हालांकि, अब इन दोनों के बाहर होने से फिल्म की योजना में बदलाव की संभावना है।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रियदर्शन ने खुद सीक्वल का निर्देशन नहीं करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, मैं यह नहीं कर रहा हूं। मैंने कोई सीक्वल न करने का फैसला किया है। उनके इस बयान से साफ हो गया है कि वह अपनी चर्चित कॉमेडी फिल्म की अगली कड़ी का निर्देशन नहीं करेंगे। वहीं, रितेश देशमुख के भी फिल्म से जुड़ने की संभावना खत्म हो गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 'मालामाल वीकली 2' में रवीना टंडन, परिणीति चोपड़ा, ईशा देओल, एल्विश यादव और शिल्पा शिरोडकर जैसे कलाकार नजर आ सकते हैं। वहीं, मूल फिल्म के परेश रावल और राजपाल यादव की वापसी की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि इन कलाकारों ने मौखिक सहमति दे दी है। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी अमित जोशी को सौंपी गई है, जो इससे पहले 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' के सह-निर्देशक रह चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे