Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 01 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में 32वें कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (केआईएफएफ) का आगाज हो गया है। रविवार को नंदन-दो प्रेक्षागृह में महोत्सव के नए लोगो का औपचारिक अनावरण किया गया। इस अवसर पर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, महोत्सव के चेयरमैन एवं अभिनेता प्रसनजीत चटर्जी, अभिनेता जीत, विधायक एवं अभिनेता हिरण चटर्जी, रुद्रनील घोष और पापिया अधिकारी सहित कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।
महोत्सव के चेयरमैन प्रसनजीत चटर्जी ने बताया कि इस वर्ष फिल्म महोत्सव 16 से 23 दिसंबर तक आठ दिनों तक चलेगा। इसका उद्घाटन समारोह ऐतिहासिक विक्टोरिया मेमोरियल में आयोजित किया जाएगा। अभिनेता जीत ने जानकारी दी कि 32वें कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का थीम कंट्री आयरलैंड होगा।
वहीं, अभिनेता एवं विधायक रुद्रनील घोष ने बताया कि महोत्सव के डेलीगेट कार्ड के लिए आवेदन प्रक्रिया पांच नवंबर से शुरू होगी। इच्छुक सिनेप्रेमी आधिकारिक वेबसाइट केआईएफएफ डॉट इन पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकेंगे। महोत्सव से संबंधित अन्य जानकारियां भी वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय