चक्रवात 'मुरासू' का तेलंगाना में दिखेगा असर, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
हैदराबाद, 01 नवंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव के चक्रवाती तूफान ''मुरासू'' में तब्दील होने के बाद तेलंगाना में मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका है। इसके प्रभाव से राज्य में इस सप्ताह लगातार कई दिनों तक बारिश और खराब मौसम का सामना
सांकेतिक


हैदराबाद, 01 नवंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव के चक्रवाती तूफान 'मुरासू' में तब्दील होने के बाद तेलंगाना में मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका है। इसके प्रभाव से राज्य में इस सप्ताह लगातार कई दिनों तक बारिश और खराब मौसम का सामना करना पड़ सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के नवीनतम बुलेटिन और उपग्रह से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चक्रवात 'मुरासू' के और शक्तिशाली होने का अनुमान है। इसके 3 नवंबर की सुबह तक दक्षिण आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट से टकराने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और यह भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।

चक्रवात तेजी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। इसके बादलों का विशाल क्षेत्र आंतरिक इलाकों तक फैल चुका है। ऐसे में तेलंगाना में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

आईएमडी हैदराबाद ने रविवार सुबह जारी मौसम बुलेटिन में बताया कि चक्रवात मुरासू के प्रभाव से रविवार से ही राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश शुरू हो सकती है। सप्ताह के मध्य तक बारिश की तीव्रता बढ़ने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, तेलंगाना के कई इलाकों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज आंधी चलने की आशंका है। विशेष रूप से राज्य के पूर्वी और दक्षिणी जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं आईएमडी ने खम्मम, भद्राद्रि कोठागुडेम, महबूबाबाद, सूर्यापेट, नलगोंडा और यादाद्रि भुवनगिरि जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

हैदराबाद और आसपास के जिलों मेडचल-मलकाजगिरी तथा रंगारेड्डी में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम को लेकर स्थानीय लोगों के मोबाइल फोन पर भी अलर्ट मिलने शुरू हो गए हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार तक चक्रवाती सिस्टम कमजोर होकर दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। इसके बाद तेलंगाना में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। हालांकि, कुछ स्थानों पर स्थानीय स्तर पर गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।

फिलहाल, चक्रवात मुरासू के चलते तेलंगाना के कई जिलों में मौसम प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj