Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


मुंबई, 09 अक्टूबर (हि.स.)। रणबीर कपूर अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। निर्माताओं ने फिल्म से अभिनेत्री लारा दत्ता और शीबा चड्ढा का पहला पोस्टर जारी किया है।
इससे पहले राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे अरुण गोविल का पोस्टर सामने आया था। अब कैकेयी और मंथरा के रूप में दोनों अभिनेत्रियों की झलक ने फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। नमित मल्होत्रा के निर्माण और नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म दिवाली 2026 पर दुनियाभर में रिलीज होगी।
जारी पोस्टर में लारा दत्ता रानी कैकेयी के राजसी और प्रभावशाली रूप में नजर आ रही हैं। उनके चेहरे पर गंभीरता, दृढ़ता और आक्रोश दिखाई देता है, जबकि पारंपरिक वेशभूषा और आभूषण उनके शाही व्यक्तित्व को उभारते हैं। वहीं, शीबा चड्ढा दासी मंथरा के किरदार में नजर आ रही हैं। उनके चेहरे के हाव-भाव मंथरा के चतुर और कुटिल स्वभाव की झलक देते हैं। रामायण की कथा में कैकेयी और मंथरा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि उनके फैसलों और बातचीत का भगवान श्रीराम के वनवास से गहरा संबंध है।
निर्माताओं ने पोस्टर शेयर करते हुए संकेत दिया कि कैकेयी की इच्छाएं और मंथरा की चालाकी राम के भाग्य को बदलने वाली घटनाओं में अहम भूमिका निभाती हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी। इनके अलावा यश, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह और सनी देओल समेत कई कलाकार महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। भव्य स्तर पर बनाई जा रही 'रामायण' को लेकर जारी पोस्टर और किरदारों की झलकियां सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा बटोर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे