Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेता अभिषेक बच्चन के अभिनय करियर में शाहरुख खान की सलाह का खास महत्व रहा है। फिल्मी दुनिया में कदम रखने से पहले अभिषेक ने शाहरुख से उनकी पसंदीदा फिल्म के बारे में पूछा था। तब शाहरुख ने उन्हें सलाह दी थी कि कलाकार को उसी काम से प्यार करना चाहिए, जो वह उस समय कर रहा है। अभिषेक के मुताबिक, शाहरुख की यह बात आज भी उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है और वह अपने वर्तमान काम पर पूरा ध्यान देने की कोशिश करते हैं।
बड़े भाई जैसे रहे शाहरुख
'किंग' की रिलीज से पहले दिए एक साक्षात्कार में अभिषेक ने अपने बचपन की यादें भी शेयर कीं। उन्होंने बताया कि रविवार के दिन वह निर्माता आदित्य चोपड़ा के घर पर दोस्तों के साथ क्रिकेट खेला करते थे। उदय चोपड़ा, ऋतिक रोशन और सिकंदर खेर उनके साथ खेलते थे। उस दौरान शाहरुख खान भी वहां मौजूद रहते थे और अभिषेक के मुताबिक, वह पूरे समूह के लिए बड़े भाई जैसे बन गए थे। अभिषेक ने कहा कि शाहरुख हमेशा उनके करीब रहे और उनके करियर में कई मौकों पर उनका समर्थन करते रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शाहरुख ने कई अवसरों पर उनके करियर की व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी उठाई है, जिसमें 'किंग' भी शामिल है।
'किंग' पर पूरा ध्यान दे रहे अभिषेक
शाहरुख की उस पुरानी सीख को याद करते हुए अभिषेक ने कहा कि अतीत में किए गए काम पर ध्यान देने के बजाय वर्तमान काम से प्यार करना ज्यादा जरूरी है। इसी सोच के साथ वह इस समय पूरी तरह 'किंग' पर ध्यान दे रहे हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में शाहरुख खान, अभिषेक बच्चन, सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी और करीना कपूर नजर आएंगे। यह सुहाना खान की सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली पहली फिल्म होगी। अभिषेक हाल ही में 'कालीधर लापता' में नजर आए थे, जिसमें उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों से सराहना मिली थी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे