Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 06 अक्टूबर (हि.स.)। रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में अपनी मनोरंजक मौजूदगी से दर्शकों का ध्यान खींच रहे काजी तौकीर को लेकर सोशल मीडिया पर उनके शो छोड़ने की चर्चा तेज हो गई थी। दावा किया जा रहा था कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते उन्होंने सलमान खान के शो से अस्थायी दूरी बनाई है। बताया जा रहा था कि काजी डेंगू से पीड़ित हैं। अब उनकी टीम ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर इन चर्चाओं के बीच उनकी स्थिति स्पष्ट की है।
काजी की टीम के मुताबिक, गायक पिछले कुछ दिनों से 'बिग बॉस 20' के दौरान बुखार से जूझ रहे हैं। टीम ने बताया कि हाल ही में कमजोरी महसूस होने के बाद उन्हें मेडिकल रूम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की। टीम ने साफ किया कि काजी अभी भी शो का हिस्सा हैं और उनकी सेहत को लेकर शो की टीम के लगातार संपर्क में है। आराम के दौरान भी वह अपनी क्षमता के अनुसार शो में हिस्सा ले रहे हैं और साथी प्रतियोगियों व दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।
टीम ने प्रशंसकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और काजी के लिए अपना प्यार, प्रार्थना और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखें। साथ ही कहा कि उनकी सेहत से जुड़ी जानकारी समय-समय पर शेयर की जाएगी। टीम को उम्मीद है कि पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद काजी जल्द ही पहले की तरह ऊर्जा और उत्साह के साथ नजर आएंगे। 'बिग बॉस 20' का प्रसारण कलर्स टीवी और जियोहॉटस्टार पर हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे