Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 05 अक्टूबर (हि.स.)। 'बंदिश बैंडिट्स' के दोनों सीजन और अमेजन प्राइम वीडियो की फिल्म 'द मेहता बॉयज' में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री श्रेया चौधरी अब आयुष्मान खुराना के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। श्रेया आगामी फिल्म 'मुपापा' में आयुष्मान के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। समीर सक्सेना के निर्देशन में बनी यह फिल्म 19 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
'मुपापा' का निर्माण यश राज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी और पोशम पा पिक्चर्स ने मिलकर किया है। यह दोनों प्रोडक्शन संस्थानों का पहला थिएट्रिकल सहयोग है। पोशम पा पिक्चर्स की सह-स्थापना समीर सक्सेना ने बिस्वपति सरकार, सौरभ खन्ना और अमित गोलानी के साथ की है। श्रेया अपने सहज अभिनय और किरदारों में भावनात्मक गहराई पेश करने की क्षमता के लिए जानी जाती हैं। 'बंदिश बैंडिट्स' में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया, जबकि 'द मेहता बॉयज' में उन्होंने अपने अभिनय के अलग रंग दिखाए।
इस फिल्म के जरिए श्रेया के करियर को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इसी बीच उन्हें वायआरएफ टैलेंट ने एक्सक्लूसिव मैनेजमेंट के लिए साइन किया है। वह अब यश राज फिल्म्स के टैलेंट मैनेजमेंट आर्म का हिस्सा हैं, जो रानी मुखर्जी, आयुष्मान खुराना, सोनम कपूर, वाणी कपूर, शरवरी, अहान पांडे और अनीत पड्डा सहित कई कलाकारों का प्रतिनिधित्व करता है। वायआरएफ टैलेंट कलाकारों के लिए प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ ब्रांड, फैशन, डिजिटल और अन्य मनोरंजन क्षेत्रों में लंबे समय के करियर को आकार देने पर भी ध्यान देता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे