Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल भागलपुर ने शनिवार को रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है।
आरपीएफ टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 5 पर खड़ी ट्रेन संख्या 13015 अप कविगुरु एक्सप्रेस से भारी मात्रा में संदिग्ध गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे का कुल वजन 16 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
आरपीएफ भागलपुर के पोस्ट कमांडर अमित कुमार गिरी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संतोष कुमार, उपनिरीक्षक सरोज कुमार, प्रधान आरक्षी उत्तम सरकार और मनीष कुमार यादव की टीम प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर कविगुरु एक्सप्रेस के कोच संख्या ईआर263762 में रखे एक लावारिस बैग पर पड़ी।
आरपीएफ अधिकारियों ने जब कोच में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, तो किसी भी यात्री ने उस बैग पर अपना दावा नहीं किया। संदेह होने पर जब बैग को खोलकर जांच की गई, तो उसके अंदर भूरे सेलो टेप से लिपटे हुए दो बड़े पैकेट मिले। इन पैकेटों को खोलने पर उनमें कुल 16 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद आरपीएफ ने नियमानुसार स्थानीय मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में बरामद गांजे का वजन कराया और जब्ती की कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
आरपीएफ ने जब्त की गई सामग्री (गांजा) और मामले से जुड़ी लिखित शिकायत को आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए जीआरपी भागलपुर को सौंप दिया है। जीआरपी अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर