Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोड़े की मौत के मामले में न्याय की मांग करने रविवार को दादर के शिवाजी पार्क स्थित चैत्यभूमि पर जमकर हंगामा हुआ। आंदोलन करने पहुंचे छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रोग्रेसिव स्टूडेंट्स यूनियन समेत कई वामपंथी और प्रगतिशील छात्र संगठनों ने यहां कैंडल मार्च का आयोजन किया था।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वे साहिल को श्रद्धांजलि देने और उनके लिए मोमबत्ती जलाने आए थे। आईआईटी बॉम्बे में उनके एक छात्र की हत्या हुई है। वे चैत्यभूमि पर सभा करने आए थे और उनका इरादा हिंसा का नहीं था। पुलिस ने छात्रों को पीटा और वहां आए आम नागरिकों के साथ भी मारपीट की। प्रदर्शनकारी लगातार मांग कर रहे हैं कि परीक्षा हॉल की घटना के जिम्मेदार और एफआईआर में नामजद प्रोफेसर को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। बड़े शिक्षा संस्थानों में पिछड़े समाज के छात्रों के साथ कथित जातिगत भेदभाव पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देकर उन्हें हिरासत में लिया। बिना इजाजत किसी बड़े जमावड़े या मार्च को रोकने के लिए शिवाजी पार्क और चैत्यभूमि परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार