Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नेटफ्लिक्स ने अपनी आगामी सीरीज 'अक्का' का ट्रेलर जारी कर दिया है। इसमें अभिनेत्री कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे के बीच सत्ता, विरासत और बदले की लड़ाई देखने को मिलेगी।
यशराज फिल्म्स एंटरटेनमेंट के निर्माण में बनी यह गैंगस्टर ड्रामा सीरीज एक ऐसी दुनिया की कहानी पेश करती है, जहां महिलाओं का दबदबा है और अपनी सत्ता बचाने के लिए वे किसी भी चुनौती का सामना करने को तैयार हैं। सीरीज का निर्देशन और लेखन धर्मराज शेट्टी ने किया है। 'अक्का' 30 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
ट्रेलर में पेरनुरु नाम के काल्पनिक साम्राज्य की झलक दिखाई गई है, जहां पीढ़ियों से महिलाओं ने सत्ता संभाली है और अपनी विरासत की रक्षा की है। हालांकि, एक बाहरी व्यक्ति की चुनौती से इस व्यवस्था में तनाव बढ़ने लगता है। पुराने घाव उभरते हैं, वफादारी की परीक्षा होती है और सत्ता का संतुलन बिगड़ने लगता है। कहानी के केंद्र में भवानी (कीर्ति सुरेश) और रुद्रा (राधिका आप्टे) हैं। दोनों के विचार और महत्वाकांक्षाएं अलग हैं, जो उनके बीच टकराव को और तीखा बनाती हैं। सीरीज में सत्ता संघर्ष के साथ परिवार, वफादारी और बदले की कहानी भी देखने को मिलेगी।
कीर्ति सुरेश भवानी के किरदार में नजर आएंगी, जो अपनी विरासत की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। वहीं, राधिका आप्टे रुद्रा की भूमिका निभा रही हैं, जो स्थापित व्यवस्था को चुनौती देने से पीछे नहीं हटती। दोनों अभिनेत्रियों के अलावा सीरीज में तन्वी आजमी, महेश मांजरेकर, अंशुमान पुष्कर और मोनिका पंवार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
धर्मराज शेट्टी के मुताबिक, इस सीरीज के जरिए गैंगस्टर कहानियों को एक अलग दुनिया और नजरिये के साथ पेश करने की कोशिश की गई है। नेटफ्लिक्स और यशराज फिल्म्स एंटरटेनमेंट की यह साझेदारी इससे पहले 'द रोमांटिक्स', 'द रेलवे मेन', 'महाराज' और 'मंडला मर्डर्स' जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए भी चर्चा में रही है। अब दर्शकों को 'अक्का' में सत्ता की इस जंग का इंतजार है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे