Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 21 अक्टूबर (हि.स.)। फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने अपनी आगामी एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'पुलिस कंपनी' की पहली झलक जारी कर दी है। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म की रिलीज तारीख का भी ऐलान किया। टी-सीरीज के बैनर तले बन रही इस फिल्म में अभिनेता हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। पुलिस और अपराध की दुनिया पर आधारित यह फिल्म 4 जून, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म के जारी पोस्टर में पुलिसकर्मियों का निडर और आक्रामक अंदाज देखने को मिलता है। हर्षवर्धन राणे फिल्म में मुंबई के चर्चित एनकाउंटर विशेषज्ञ दया नायक की भूमिका निभाएंगे। सच्ची घटनाओं से प्रेरित इस फिल्म की कहानी 1997 से 2004 के बीच मुंबई में अपराध जगत के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के इर्द-गिर्द घूमती है। इस दौरान करीब 300 गैंगस्टरों के मारे जाने की घटनाओं को फिल्म की कहानी का आधार बनाया गया है।
'पुलिस कंपनी' में हर्षवर्धन राणे के अलावा फरदीन खान, फातिमा सना शेख और परेश रावल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया पर फिल्म की पहली झलक शेयर करने के साथ इसके किरदारों और कहानी से जुड़ी जानकारी भी दी है। फिल्म की घोषणा और पोस्टर जारी होने के बाद दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे