पांडू घाट पर दो दिन तक चलेगा प्रतिमा विसर्जन, प्रशासन और विसर्जन समिति की व्यापक तैयारियां
गुवाहाटी, 20 अक्टूबर (हि.स.)। हर साल की तरह इस वर्ष भी गुवाहाटी के पांडू घाट पर दो दिनों तक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का आयोजन किया गया है। 21 अक्टूबर को विजया दशमी के अवसर पर प्रतिमा विसर्जन को लेकर नदी घाटों पर अभी से व्यापक तैयारियां शुरू हो चुकी
पांडू घाट पर दो दिन तक चलेगा प्रतिमा विसर्जन, प्रशासन और विसर्जन समिति की व्यापक तैयारियां।


गुवाहाटी, 20 अक्टूबर (हि.स.)।

हर साल की तरह इस वर्ष भी गुवाहाटी के पांडू घाट पर दो दिनों तक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का आयोजन किया गया है। 21 अक्टूबर को विजया दशमी के अवसर पर प्रतिमा विसर्जन को लेकर नदी घाटों पर अभी से व्यापक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। गुवाहाटी के पांडू पोर्ट में विसर्जन का यह चरण सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विसर्जन समिति और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

इस वर्ष पांडू पोर्ट पर अनुमान है कि 110 से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की संभावना है। विसर्जन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए पुलिस-प्रशासन के साथ-साथ गुवाहाटी नगर निगम, सिविल डिफेंस, बिजली विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तैयार हैं।

पांडू विसर्जन समिति के पदाधिकारियों की देखरेख में सभी तैयारियां चल रही हैं। विसर्जन के दौरान कोई अप्रिय घटना न घटे और प्रत्येक पूजा समिति नियमों का पालन करते हुए प्रतिमा विसर्जन कर सके, इसके लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।

पांडू विसर्जन समिति के महासचिव दीजेन लहकर के अनुसार, इस साल भी विसर्जन के दौरान विभिन्न सरकारी विभाग सहयोग करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जो पूजा समितियां अनुशासित तरीके से और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए प्रतिमा विसर्जन करेंगी, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।

दूसरी ओर, विसर्जन समिति के महासचिव ने पांडू घाट पर विसर्जन देखने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के उपस्थित रहने की संभावना भी जताई है।

कुल मिलाकर, विजया दशमी के मद्देनजर पांडू पोर्ट पर प्रतिमा विसर्जन को सुचारू, सुरक्षित और अनुशासित रूप से संपन्न कराने के लिए विसर्जन समिति और प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर