पुणे एयरपोर्ट पर 44.27 लाख रुपये का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त, यात्री गिरफ्तार
मुंबई, 20 अक्टूबर (हि.स.)। पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री के सामान से 1 किलो 265 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत 44 लाख 27 हजार रुपये बताई गई है। इस मा
पुणे एयरपोर्ट पर 44.27 लाख रुपये का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त, यात्री गिरफ्तार


मुंबई, 20 अक्टूबर (हि.स.)। पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री के सामान से 1 किलो 265 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत 44 लाख 27 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है । इस मामले की छानबीन कस्टम विभाग की टीम कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे कस्टम अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि उनकी टीम को पुणे एयरपोर्ट पर नशीले पदार्थ के साथ यात्री के आने की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी आधार पर सोमवार रात को कस्टम टीम ने पुणे एयरपोर्ट पर निगरानी रखी थी। इसी दौरान बैंकॉक से पुणे पहुंचे यात्री को शक के आधार पर रोका गया और उसके बैग की तलाशी ली गई। जांच के दौरान यात्री के काले ट्रॉली बैग की लाइनिंग में बनाए गए गुप्त कंपार्टमेंट मिले। इनमें दो एयरटाइट, मल्टी-लेयर्ड प्लास्टिक पैकेट छिपाए गए थे। पैकेट खोलने पर पीले-हरे रंग का पदार्थ मिला। प्रारंभिक फील्ड टेस्ट में इसके हाइड्रोपोनिक कैनाबिस होने की पुष्टि हुई।

कस्टम विभाग ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटें एक्ट, 1985 के तहत मादक पदार्थ जब्त कर लिया है। इसके बाद कस्टम ने यात्री को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस मामले के पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क सक्रिय है या नहीं। जांच में तस्करी से जुड़े संभावित आगे और पीछे के संपर्कों तथा अन्य संदिग्धों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव