अरशद वारसी की 'जॉली एलएलबी 4' से होगी वापसी
मुंबई, 20 अक्टूबर (हि.स.)। बॉलीवुड की चर्चित फिल्म फ्रेंचाइजी ''जॉली एलएलबी'' की चौथी किस्त की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार निर्माता कहानी को आगे बढ़ाने के बजाय प्रीक्वल के रूप में पेश करने जा रहे हैं। फिल्म में अभिनेता अरशद वारसी एक बार फिर वकील
अरशद वारसी - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 20 अक्टूबर (हि.स.)। बॉलीवुड की चर्चित फिल्म फ्रेंचाइजी 'जॉली एलएलबी' की चौथी किस्त की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार निर्माता कहानी को आगे बढ़ाने के बजाय प्रीक्वल के रूप में पेश करने जा रहे हैं। फिल्म में अभिनेता अरशद वारसी एक बार फिर वकील जगदीश त्यागी उर्फ जॉली के किरदार में नजर आएंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म फिलहाल प्री-प्रोडक्शन के अंतिम चरण में है और इसकी शूटिंग जनवरी 2027 तक पूरी करने की योजना है। फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी उमेश शुक्ला को सौंपी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है। एक सूत्र ने बताया कि यह कहानी पिछली फिल्मों की अगली कड़ी नहीं, बल्कि प्रीक्वल होगी। इसके जरिए अरशद वारसी के लोकप्रिय किरदार जॉली की कहानी को नए अंदाज में दिखाया जाएगा। हालांकि, फिल्म की कहानी और अन्य कलाकारों को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

'जॉली एलएलबी' फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2013 में हुई थी, जिसमें अरशद वारसी ने वकील जगदीश त्यागी की भूमिका निभाई थी। इसके दूसरे भाग में अक्षय कुमार ने जगदीश्वर मिश्रा उर्फ जॉली का किरदार निभाया, जबकि हुमा कुरैशी भी फिल्म का हिस्सा थीं। वर्ष 2025 में रिलीज हुई 'जॉली एलएलबी 3' में अरशद और अक्षय दोनों एक साथ नजर आए थे। अब चौथे भाग में अरशद की वापसी से प्रशंसकों को एक बार फिर उनके चर्चित अदालती अंदाज की झलक मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे