Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बीकानेर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। दैनिक भास्कर बीकानेर संस्करण में वरिष्ठ पत्रकार अशोक राजपुरोहित के निधन पर शुक्रवार को सूचना केंद्र में बीकानेर प्रेस क्लब के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान पत्रकारों ने राजपुरोहित के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में दिए योगदान को याद किया।
सभा में उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि अशोक राजपुरोहित केवल एक सिद्धहस्त पत्रकार ही नहीं, बल्कि बेहतरीन इंसान भी थे। उन्होंने पत्रकारिता को महज पेशे के रूप में नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी और मिशन के रूप में निभाया। अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया और निष्पक्ष एवं तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी।
वक्ताओं ने कहा कि राजपुरोहित का सहज, मिलनसार और आत्मीय व्यवहार उन्हें सभी से अलग पहचान देता था। वे पत्रकारिता की बारीकियों को समझने वाले अनुभवी पत्रकार थे और नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए भी मार्गदर्शक की भूमिका निभाते रहे।
श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों ने कहा कि अशोक राजपुरोहित ने सही मायनों में पत्रकारिता को जिया। उनका निधन बीकानेर के पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उपस्थित पत्रकारों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। सभी ने दो मिनट का मौन रखा और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
इस दौरान अनेक पत्रकाराें के अलावा जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉक्टर हरिशंकर आचार्य तथा जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव