Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को स्वच्छता एवं सेवा के संदेश को जनभागीदारी से आगे बढ़ाते हुए जेडीए द्वारा विभिन्न उद्यानों में स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ एवं सशक्त समाज के लिए महत्वपूर्ण आधार माना था। इसी भावना के अनुरूप आयोजित इस अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने कहा कि जयपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में जेडीए द्वारा विभिन्न उद्यानों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। राज्य में संचालित विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत स्वच्छता, जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के क्रम में भी इस अभियान को आयोजित किया गया। अभियान के दौरान जेडीए के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा अभियान में सहभागी टीमों द्वारा विभिन्न उद्यानों में श्रमदान किया गया। उद्यानों में साफ-सफाई, कचरा संग्रहण तथा आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की गतिविधियां की गईं। साथ ही, स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों के महत्व के प्रति आमजन को भी जागरूक किया गया।
जेडीए द्वारा प्रबंधित विभिन्न प्रमुख उद्यानों में आयोजित गतिविधियों में सेंट्रल पार्क, जेडीए परिसर स्थित उद्यान, रामनिवास बाग, स्वर्ण जयंती पार्क विद्याधर नगर, सावन-भादो पार्क, नेहरू गार्डन, करधनी पार्क ब्लॉक-सी, वुडलैंड पार्क, पत्रकार कॉलोनी में पानी की टंकी के पास स्थित पार्क, वेस्टवे हाइट्स पार्क-2, गणेश पार्क (हयात होटल के पास), मरुधर पार्क तथा नारायण विहार स्थित उद्यान शामिल रहे। अभियान के दौरान उद्यानों में एकत्रित कचरे को निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया गया तथा पार्कों के स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण को बनाए रखने के लिए आवश्यक सफाई कार्य किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश