Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी ने पति और फिल्म निर्माता कुकू कोहली के निधन के करीब दो महीने बाद दोबारा से
काम शुरू कर दिया है। इस मुश्किल दौर में साथ देने और हौसला बढ़ाने के लिए अभिनेत्री ने अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर कर बताया कि प्रशंसकों से मिले प्यार और समर्थन ने उन्हें इस कठिन समय से उबरने की ताकत दी है।
वीडियो में अरुणा ने कहा कि कुकू जी के निधन के बाद लोगों ने जिस तरह उनका साथ दिया, उसके लिए वह दिल से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि मुश्किल समय में इतने लोग उनके साथ खड़े रहेंगे। अभिनेत्री ने प्रशंसकों के इसी प्यार को अपनी ताकत बताते हुए कहा कि इसकी वजह से ही वह दोबारा काम शुरू कर पाई हैं। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि प्रशंसकों का साथ उन्हें जीवन की आखिरी सांस तक मिलता रहेगा।
फिल्म निर्माता कुकू कोहली का 25 अगस्त, 2026 को 77 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वह फिल्म 'फूल और कांटे' के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं, जिसके जरिए अभिनेता अजय देवगन ने हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। कुकू की प्रमुख फिल्मों में 'सुहाग', 'हकीकत', 'कोहराम' और 'अनाड़ी नंबर 1' शामिल हैं। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे