Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 16 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेत्री यामी गौतम अपनी फिल्म 'नयी नवेली' के प्रचार के लिए अभिनेता आदिनाथ कोठारे के साथ मराठी शो 'कोण होणार करोडपती' में नजर आएंगी। शो की मेजबान माधुरी दीक्षित के साथ बातचीत के दौरान फिल्म 'धुरंधर' में यामी के कैमियो का जिक्र भी होगा। माधुरी ने मजाकिया अंदाज में उनसे पूछा कि पति आदित्य धर की फिल्म में काम करने के लिए उन्हें फीस मिली थी या उन्होंने सिर्फ प्यार से यह भूमिका निभाई थी।
माधुरी ने बताया कि उन्हें 'धुरंधर' काफी पसंद आई। इसके बाद उन्होंने यामी से पूछा कि कैमियो के लिए उन्हें पैसे मिले थे या आदित्य ने उनसे प्यार से फिल्म में काम करने का आग्रह किया था। इस सवाल पर यामी हंस पड़ीं। उन्होंने जवाब दिया कि कुछ चीजों का कोई मोल नहीं होता। उनके लिए बेहतरीन निर्देशकों में से एक आदित्य धर के निर्देशन में काम करने का अवसर ही सबसे बड़ी फीस थी।
यामी के इस जवाब से साफ हुआ कि उनके लिए 'धुरंधर' में काम करने का अनुभव आर्थिक लाभ से कहीं ज्यादा अहम था। वह आदित्य के निर्देशन और उनकी प्रतिभा का सम्मान करती हैं। माधुरी के साथ हुई यह हल्की-फुल्की बातचीत शो के आगामी एपिसोड का खास आकर्षण होगी। 'कोण होणार करोडपती' का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात 9 बजे सोनी मराठी पर होता है। इसे सोनी लिव पर भी देखा जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे