Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 12 अक्टूबर (हि.स.)। एनिमेटेड पौराणिक सीरीज 'द लीजेंड ऑफ हनुमान' के सातवें सीजन का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होने वाली इस सीरीज का नया सीजन 23 अक्टूबर 2026 को दशहरे के सप्ताह में दर्शकों के सामने आएगा। ग्राफिक इंडिया के निर्माण और शरद देवराजन के सह-निर्माण में तैयार इस सीजन में हनुमान की अब तक की सबसे चुनौतीपूर्ण यात्रा दिखाई जाएगी।
नए सीजन में लंका का युद्ध निर्णायक मोड़ पर पहुंचता है और रावण अपने सबसे शक्तिशाली रूप में सामने आता है। वानर सेना की निराशा के बीच हनुमान रावण का अंत करने वाले अस्त्र की तलाश में निकलते हैं। यह खोज उन्हें युद्धभूमि से आगे समय के अलग-अलग पड़ावों और मृत्यु के साम्राज्य तक ले जाती है। इस दौरान हनुमान अपनी दिव्यता और असीम शक्तियों से जुड़े ऐसे रहस्यों को जानेंगे, जो उनकी यात्रा को नई दिशा देंगे। सीरीज में एक्शन के साथ आस्था, मित्रता और भावनाओं को भी प्रमुखता दी गई है।
सीजन 7 में शरद केलकर एक बार फिर रावण के किरदार को अपनी आवाज देंगे। निर्माता एवं लेखक शरद देवराजन के अनुसार, इस बार कहानी का दायरा और व्यापक किया गया है और हनुमान की यात्रा को नए अंदाज में पेश किया जाएगा। जीवन जे. कांग और नवीन जॉन के निर्देशन में बनी इस सीरीज की पटकथा शरद देवराजन, जीवन जे. कांग, सरवत चड्ढा और शिवांगी सिंह ने लिखी है। इसका प्रीमियर 23 अक्टूबर से विशेष रूप से जियोहॉटस्टार पर होगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे