Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 12 अक्टूबर (हि.स.)। दक्षिण भारतीय सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जेलर 2' की हिंदी रिलीज को लेकर चल रही अटकलों पर निर्माताओं ने विराम लगा दिया है। आधिकारिक बयान के मुताबिक, फिल्म का हिंदी संस्करण 15 अक्टूबर 2026 को अन्य भाषाओं के संस्करणों के साथ सिनेमाघरों में रिलीज होगा। निर्माताओं ने स्पष्ट किया है कि फिल्म की रिलीज तारीख में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
हाल ही में कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि फिल्म हिंदी में सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होगी। इन खबरों के बाद दर्शकों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई थी। अब निर्माताओं ने बयान जारी कर इन अटकलों को खारिज किया है। फिल्म के हिंदी संस्करण का वितरण उत्तर भारत में पेन मरुधर एंटरटेनमेंट करेगा। साथ ही मीडिया संस्थानों और डिजिटल मंचों से अपुष्ट जानकारी प्रसारित न करने की अपील की गई है।
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी 'जेलर 2' में रजनीकांत के साथ एसजे सूर्या, विद्या बालन और मिथुन चक्रवर्ती भी नजर आएंगे। फिल्म में मोहनलाल और शिव राजकुमार की विशेष भूमिकाएं हैं, जबकि ऋतिक रोशन के कैमियो को लेकर भी चर्चा है। हिंदी संस्करण की रिलीज को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होने के बाद अब दर्शकों की नजर फिल्म के प्रदर्शन पर रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे