Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 10 अक्टूबर (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर अपने नए गेम शो 'इंडिया के टॉप 1%' के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। यह शो 19 सितंबर को स्टार प्लस और जियो हॉटस्टार पर प्रसारित होने वाला है। शो की शूटिंग के दौरान अनिल कपूर ने अपनी सुपरहिट फिल्म 'मिस्टर इंडिया' से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि फिल्म में पहनी गई उनकी चर्चित जैकेट किसी महंगे डिजाइनर स्टोर से नहीं बल्कि मुंबई के चोर बाजार से खरीदी गई थी।
साल 1987 में रिलीज हुई 'मिस्टर इंडिया' में अनिल कपूर के जैकेट वाले लुक को आज भी याद किया जाता है। अब अभिनेता करीब 39 साल बाद अपने शो के एक खास एपिसोड में उसी जैकेट को फिर से पहनते नजर आएंगे। अनिल ने बताया कि फिल्म में पहनी गई शर्ट, ट्राउजर और जैकेट उन्होंने संभालकर रखी है। जब शो की टीम ने 'मिस्टर इंडिया' की पोशाक उपलब्ध होने के बारे में जिज्ञासा जाहिर की तो अभिनेता ने बताया कि यह पूरा कॉस्ट्यूम अब भी उनके पास सुरक्षित है और उन्हें फिट भी आता है।
इस खास एपिसोड के उद्देश्य पर बात करते हुए अनिल कपूर ने कहा कि इसकी थीम सामाजिक महत्व से जुड़ी है। उन्होंने बताया कि फिल्म देखने के बाद राज कपूर ने भी इसके संदेश की सराहना की थी। अनिल के मुताबिक, 'मिस्टर इंडिया' से यह सीख मिलती है कि हर व्यक्ति अपने तरीके से मिस्टर इंडिया बन सकता है। यह एपिसोड उन लोगों को समर्पित है, जो बिना किसी उम्मीद या स्वार्थ के देश की सेवा करते हैं। ऐसे में अभिनेता का पुराना किरदार एक बार फिर दर्शकों को फिल्म की यादों के साथ-साथ सेवा और जिम्मेदारी का संदेश भी देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे